छत्तीसगढ़दुर्ग

अफीम की खेती को लेकर सदन में हंगामा: स्थगन प्रस्ताव खारिज होते ही वेल में पहुंचे महंत, भूपेश समेत 29 विधायक निलंबित…

विधानसभा के बजट सत्र में सोमवार को शून्यकाल के दौरान अफीम की खेती को लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष डा.चरणदास महंत ने इस पूरे मामले पर स्थगन प्रस्ताव देते हुए कहा कि सरकार धान के कटोरे को अफीम का कटोरा बनाना चाह रही है। उन्होंने पूरे प्रदेश के फॉर्महाउस की जांच की मांग की है।

इस मामले में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई। लेकिन सरकार के वक्तव्य के बाद आसंदी ने इसे अस्वीकार कर दिया जिसके बाद विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए।

इससे नेता प्रतिपक्ष डा.चरणदास महंत, पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत 29 कांग्रेसी विधायक निलंबित हो गए। निलंबन के बाद विधायक वहीं बैठकर नारेबाजी करने लगे जिसके बाद आसंदी ने सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित कर दी।

सरकार की ओर से वक्तव्य देते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि दुर्ग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि समोदा गांव स्थित एक फार्महाउस में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की मौजूदगी में जब्ती की प्रक्रिया पूरी कर 6,242 किलोग्राम अफीम बरामद की गई और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

शर्मा ने बताया कि प्रदेश में नशे के खिलाफ पिछले दो वर्षों में दो हजार से अधिक मामलों में पांच हजार से ज्यादा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। साथ ही नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की वित्तीय जांच कर 16 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति भी जब्त की गई है।

सदन में किस नेता ने क्या कहा-

  • डॉ. चरणदास महंत : राजधानी से करीब 50 किलोमीटर दूर एक व्यक्ति अपनी निजी जमीन पर अफीम की खेती कर रहा है। छत्तीसगढ़ में सूखे नशे का जाल फैल रहा है और किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा। ऐसे में लगता है कि राज्य को ‘धान का कटोरा’ से ‘अफीम का कटोरा’ बनाने की कोशिश हो रही है।
  • भूपेश बघेल : गांव के लोगों ने लकड़ी इकट्ठा करने के दौरान खेत में अफीम की खेती देखी। कलेक्टर भी इसकी पुष्टि कर चुके हैं, लेकिन एफआईआर में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार का नाम तीसरे नंबर पर है और उसके नौकर को प्रमुख आरोपी बनाया गया है।
  • अजय चंद्राकर : इस मामले में कांग्रेस को भी आत्ममंथन करना चाहिए। यह खेती आज की नहीं, बल्कि चार साल से चल रही बताई जा रही है। विपक्ष बिना तथ्य के मुख्यमंत्री का नाम ले रहा है।
  • विजय शर्मा : एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 6,242 किलो अफीम जब्त की गई और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रदेश में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चल रहा है।

महासमुंद से बस्तर तक फैला है कारोबार

कौशल स्वर्णबेर की रिपोर्ट

छत्तीसगढ़ में नशे का कारोबार केवल एक जिले तक सीमित नहीं है। तस्करी के रूट और मांग के आधार पर पुलिस ने इन 10 थानों को सबसे संवेदनशील माना है। इनमें महासमुंद जिले को तस्करी का गेटवे माना गया है। जिले के सरायपाली और सिंघोड़ा थाने ओडिशा बॉर्डर पर स्थित हैं।

यहां राज्य में गांजे की सबसे बड़ी खेप पकड़ी जाती है। हर साल यहां औसतन 150 से ज्यादा एनडीपीएस केस दर्ज होते हैं। इसी तरह खल्लारी थाने में मुख्य रूप से तस्करी के वाहनों की धरपकड़ होती है। जबकि रायपुर जिले के तेलीबांधा और गंज थाने में एमडी , कोकीन और नशीली गोलियों की जब्ती सबसे अधिक है।

इसी तरह आजाद चौक थाने में चिट्टा और हेरोइन के छोटे सप्लायर्स की गिरफ्तारी हो चुकी है। जबकि दुर्ग जिले का समोदा हाल ही में अफीम का नए केंद्र के रुप में सामने आया है।

जबकि बिलासपुर जिले के सिविल लाइंस और कोतवाली थाने में यूपी और एमपी से आने वाली नशीली सिरप की खेप पकड़ी जा रही है। जबकि बस्तर और जगदलपुर के दरभा और नगरनार थाने में ओडिशा से आने वाले माल के ट्रांजिट पॉइंट हैं। यहां ट्रक और एम्बुलेंस तक में छिपाकर ले जाया जा रहा ड्रग्स पकड़े जा चुके हैं।

भाजपा नेता के खेत की पूरी अफीम फसल उखाड़ी कपास गोदाम से 10 ग्राम अफीम, 7 बोरा डोडा जब्त

विनोद तिवारी की रिपोर्ट

दुर्ग के समोदा इलाके में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत से अफीम की पूरी फसल को पुलिस ने उखाड़ लिया है। अब एनजीटी समेत अन्य संबंधित विभागों से अनुमति मिलने के बाद उसे नष्ट किया जाएगा। बीजेपी नेता विनायक और राजस्थान से अफीम की खेती करने आए विकास विश्नोई को लेकर पुलिस सोमवार को खेत पहुंची थी।

विकास की निशानदेही पर कपास की खेती के लिए बनाए गए फार्म हाउस से अफीम के बीज, 7 बोरी अफीम का फल, करीब 200 ग्राम खसखस जब्त किया गया है। इसी तरह खेती में उपयोग होने वाला ट्रैक्टर और जेसीबी भी जब्त की गई है।

विनायक के कॉल डिटेल से पता चला है कि सभी आरोपी आपस में लगातार 4 साल से संपर्क में हैं। पुलिस ने बताया है कि भाजपा नेता ने सख्ती के बाद अभी सिर्फ बीते दो वर्षों से अफीम की खेती करना कबूल किया है। विनायक के खेत में सैकड़ों की संख्या में अफीम के ऐसे फल मिले हैं, जिनमें चीरा लगाकर अफीम निकाल ली गई है।

पुलिस तकनीकी जांच से सभी कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है। इधर, कलेक्टर ने शिवनाथ नदी में अवैध तरीके से पंप लगाकर सिंचाई के लिए पानी के इस्तेमाल की भी जांच का आदेश दिया है।

राजस्थान निवासी विकास के घर से मिली 10 ग्राम अफीम पुलिस के मुताबिक आरोपी विकास और उसके बाकी साथी विनायक के ​समोदा स्थित मकान में ही रहते थे। भाजपा नेता अपने पूरे परिवार के साथ दुर्ग में रहता है। सोमवार को पुलिस आरोपी विकास को लेकर उसके घर छानबीन करने गई थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस को 10 ग्राम अफीम मिला है। इससे शंका है कि विकास के माध्यम से ही अफीम, डोडा और खसखस की खपत की गई है। विकास के मकान से अफीम के फल में चीरा लगाने वाली लकड़ी भी जब्त हो गई है। पुलिस के मुताबिक भाजपा नेता समेत तीनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं।

चीरा लगे अफीम के पौधे खेत से मिले, टीम राजस्थान रवाना पुलिस के मुताबिक विनायक ताम्रकार और उसके साथी जिस खेत में अफीम की खेती कर रहे थे। वहां से बड़ी संख्या में चीरा लगे हुए अफीम के फल मिले हैं। इससे अनुमान है कि विनायक और उसके साथी अफीम, डोडा और खसखस की खपत कर चुके हैं।

लेकिन तीनों आरोपी खपत को लेकर कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। वहीं गिरोह में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की एक टीम राजस्थान में ही है। दोनों बहनों मधुमती ताम्रकार और प्रीतिबाला के नाम पर 15-16 एकड़ जमीन है।

Back to top button