आंध्रप्रदेश

आंध्र प्रदेश में जन्म दर बढ़ाने के लिए 25 हजार रुपये का प्रोत्साहन, नई जनसंख्या नीति पर विचार…

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार गिरती जन्म दर को बढ़ावा देने के लिए दूसरा या इससे अधिक बच्चा पैदा वाले दंपतियों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने पर विचार कर रही है।

विधानसभा को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य की कुल प्रजनन दर (टीएफआर) को 1.5 से बढ़ाकर 2.1 करना है, जो वर्तमान में प्रतिस्थापन स्तर से कम है।नायडू ने कहा-हम एक नए तरीके पर विचार कर रहे हैं। हम जन्म के समय ही दूसरे बच्चे या इससे अधिक के लिए माता-पिता को 25 हजार रुपये देंगे। यह एक बड़ा बदलाव लाने वाला कदम होगा।

अगर हम ऐसा कर पाए तो यह बहुत उपयोगी होगा।जनसंख्या प्रबंधन के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कई देशों को बुजुर्ग होती जनसंख्या के कारण चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार मार्च के अंत तक जनसंख्या प्रबंधन पर एक नीति लाने और अप्रैल से इसे लागू करने की योजना बना रही है।

इन पांच स्तंभों पर टिकी होगी नई जनसंख्या नीति

मातृत्व: सरकार नसबंदी को कम करने और जनसंख्या नियंत्रण के पुराने दृष्टिकोण को समाप्त करने की योजना बना रही है। सरकार 12 लाख निस्संतान दंपतियों को रियायती आइवीएफ सुविधा प्रदान करेगी।

शक्ति : कार्यस्थल के बुनियादी ढांचे, शहरी आवास, मातृत्व अवकाश में समानता और सांस्कृतिक जागरूकता अभियानों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाया जाएगा।

संजीवनी : स्वास्थ्य अभिलेखों को डिजिटल बनाया जाएगा। लोगों को एक स्वास्थ्य एप तक पहुंच दी जाएगी, जिसमें स्वास्थ्य स्कोर, डाटा साझा करना और एआइ-आधारित जोखिम मूल्यांकन जैसी सुविधाएं होंगी।

क्षेम : अगले 10 वर्षों में 50 हजार सेवानिवृत्त पेशेवरों को मार्गदर्शन और लचीले रोजगार में शामिल करके बढ़ती उम्र की आबादी की चुनौतियों का समाधान किया जाएगा।

नैपुण्यम : भविष्य की कार्यबल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। 13 लाख करोड़ रुपये के निवेश सौदों के लिए जरूरी प्रतिभा की मांग पूरी की जाएगी।

प्रतिस्थापन दर किसे कहते हैं?

प्रतिस्थापन दर वह प्रजनन दर है, जिस पर कोई जनसंख्या बिना किसी बाहरी प्रवास के, एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में खुद को पूरी तरह से प्रतिस्थापित यानी रिप्लेस कर लेती है। इससे जनसंख्या का आकार स्थिर रहता है। यह न बढ़ता है, न घटता है। 2.1 प्रजनन दर को आदर्श प्रतिस्थापन दर माना जाता है।

Back to top button