भिलाई

एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी ‘पीली फाइल’ का राज खुला नहीं: रिकीश सेन ने लगाया हत्या की साजिश का आरोप, BJP विधायक की सुरक्षा के लिए कांग्रेसी सड़क पर उतरे…

छत्तीसगढ़ के भिलाई में वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन की सुरक्षा को लेकर सियासत तेज हो गई है।

दरअसल, महिला दिवस के दिन विधायक रिकेश सेन ने खुद सार्वजनिक मंच से उनकी हत्या की साजिश की बात कही थी। साथ ही पूर्व पार्षद जय प्रकाश यादव की ओर से दिखाई गई पीली फाइल में साजिशकर्ताओं के नाम होने का दावा किया गया था।

अब इस मुद्दे पर कांग्रेस भी खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस नेताओं ने सुपेला थाने पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

कांग्रेस का कहना है कि एक सप्ताह से ज्यादा समय होने के बाद भी अब तक बीजेपी के पूर्व पार्षद जयप्रकाश यादव की पीली फाइल की जांच नहीं की गई, जिसमें रिकेश की हत्या की साजिश करने वालों के नाम थे।

इस मामले को लेकर अब कांग्रेस ने राज्य शासन पर भी सवाल उठाए हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने सुपेला थाना में ज्ञापन सौंपकर विधायक रिकेश सेन की सुरक्षा की मांग की है, साथ ही साजिश करने वालों के नाम सार्वजनिक करने की भी मांग की है।

अब जानिए क्या है पूरा मामला

महिला दिवस 8 मार्च के दिन विधायक रिकेश सेन ने एक कार्यक्रम के दौरान अपने खिलाफ रची गई कथित साजिश का जिक्र किया था। उन्होंने एक वीडियो भी दिखाया था, जिसमें भाजपा के पूर्व पार्षद जयप्रकाश यादव पीले रंग की एक फाइल लेकर बैठे नजर आए थे।

इस फाइल में कथित तौर पर उन लोगों के नाम होने का दावा किया गया था जो उन्हें फंसाने या नुकसान पहुंचाने की साजिश कर रहे थे। रिकेश सेन ने उस समय कहा था कि किसी ने एक वीडियो जारी किया है, जिससे वे और उनका पूरा परिवार सदमे में है।

उन्होंने दावा किया था कि कुछ लोगों ने उन्हें झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची थी। उनके मुताबिक उन्हें फर्जी दुष्कर्म केस में फंसाने की योजना बनाई गई थी।

जहर देकर मारने या फिर एक्सीडेंट की दी थी धमकी

विधायक ने बताया था कि भाजपा के पूर्व पार्षद जयप्रकाश यादव ने उन्हें व्हाट्सऐप कॉल कर सावधान रहने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा था कि किसी के यहां भोजन करने न जाएं और अकेले घर से बाहर भी न निकलें, क्योंकि उन्हें नुकसान पहुंचाने की तैयारी चल रही है।

उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें जहर देकर मारने की योजना बनाई गई थी। उनके अनुसार, किसी के जन्मदिन के बहाने केक में जहर मिलाकर खिलाने या खाने पर बुलाकर जहर देने जैसी साजिश की बात सामने आई थी। इसके अलावा उनकी हत्या को सड़क दुर्घटना की तरह दिखाने की भी योजना बनाई गई थी।

विधानसभा में भी उठा था मुद्दा

इस बीच यह मुद्दा छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में भी गूंजा। शून्यकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधायक रिकेश सेन की सुरक्षा का मामला उठाया। उन्होंने सरकार से इस पर स्पष्ट बयान देने की मांग की।

बघेल ने सदन में कहा कि उन्होंने खुद विधायक से बातचीत की है और उन्होंने भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में सत्तारूढ़ दल का ही विधायक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है तो यह गंभीर विषय है और सरकार को इस पर स्थिति साफ करनी चाहिए।

जानिए कौन हैं जेपी यादव, क्यों आए पीली फाइल को लेकर चर्चा में

दरअसल, बीजेपी नेता और पूर्व पार्षद जयप्रकाश यादव पर नौकरी के नाम पर पैसे की धोखाधड़ी का आरोप लगा था। इसके बाद उन्होंने इसका जिम्मेदार विधायक रिकेश सेन को बताते हुए उन्हें फंसाने की बात कही थी। इसके लिए जेपी यादव ने प्रेस कांफ्रेंस भी ली थी।

इसके बाद जय प्रकाश यादव के खिलाफ 11 फरवरी को नौकरी के नाम पर 16 लाख रुपए ठगी करने का मामला दर्ज किया गया।

आरोप है कि पीड़ितों ने उसे नौकरी दिलाने के लिए पैसे दिए। इसमें भाई के लिए SI पद के नाम पर 4 लाख रुपए, बेटी के लिए स्टाफ नर्स के लिए 4 लाख रुपए, बहू के लिए 3 लाख रुपए, दो बेटों के लिए 2-2 लाख रुपए और एक अन्य व्यक्ति ने अपने बेटे को प्यून पद दिलाने के लिए 2 लाख रुपए दिए।

पीड़ितों ने जय प्रकाश यादव के साथ हुए व्हाट्सऐप मैसेज के स्क्रीनशॉट और फोन कॉल के वॉइस रिकॉर्ड भी सबूत के तौर पर पुलिस को दिए थे।

इसके बाद अचानक से जेपी यादव ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर एक पीली फाइल दिखाई और रिकेश सेन के समर्थन में खुलकर सामने आए। रिकेश से महिला दिवस के दिन जेपी यादव के ही वीडियो दिखाकर अपनी जान को खतरा बताया था।

जानिए भिलाई कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने क्या कहा

भिलाई कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि वैशाली नगर क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी है कि उनकी जान को खतरा है। उनको जान से मारने की साजिश रची जा रही है।

उन्होंने कहा कि अब लगभग एक हफ्ता बीत गया है, लेकिन पुलिस ने अभी तक साजिशकर्ताओं की पहचान नहीं की और न ही कोई जांच शुरू की है। आज हम सभी कांग्रेस नेता यहां मौजूद हैं और हमारी मांग है कि इस घटना और धमकी की उच्च स्तरीय जांच की जाए।

कांग्रेस नेता ने बताया कि यह मामला विधानसभा में भी उठ चुका है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, इसलिए हम आज यहां इसकी जांच की मांग करने आए हैं।

Back to top button