झारखंड

झरिया की भाजपा विधायक रागिनी सिंह के आवास पर आधी रात को बमों से हमला, सिंह मेंशन के अंदर मची खलबली…

झरिया की विधायक रागिनी सिंह के धनबाद के सरायढेला स्थित आवास-सिंह मेंशन पर रविवार की आधी रात को बमों से हमला हुआ।

बाइक सवार बदमाशों ने दो सुतली बम फेंके। बम की आवाज सुनकर सिंह मेंशन के अंदर खलबली मच गई। 

भाजपा विधायक रागिनी सिंह झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह की पत्नी हैं। संजीव सिंह धनबाद नगर निगम चुनाव की तैयारी कर रहे हैं।

वह 4 फरवरी के मेयर पद के लिए नामांकन करने वाले हैं। घटना की सूचना मिलते ही आधी रात को पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। 

सरायढेला स्टील गेट स्थित झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास  मेंशन मेंशन पर रात साढ़े ग्यारह बजे दो बाइक सवार अपराधियों ने सुतली बम फेंककर सनसनी फैला दी और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

अपराधियों ने एक बम सिंह मेंशन के मुख्य गेट के अंदर फेंका, जबकि दूसरा बम गेट के बाहर पटक कर भाग निकले। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घबरा गए और सिंह मेंशन में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद सिंह मेंशन के सुरक्षा गार्ड और कर्मी सतर्क हो गए। परिवार के सदस्य भी बाहर निकल आए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की।

घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस को गेट के अंदर और बाहर बम फटने के अवशेष मिले हैं, जिससे यह पुष्टि हुई कि सुतली बम का इस्तेमाल किया गया था।

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें दूर से बाइक सवार दो संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं, हालांकि उनकी पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस ने सिंह मेंशन में मौजूद संजीव सिंह से भी जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन परिवार ने घटना को लेकर अनभिज्ञता जताई है।

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बम किसने और किस मकसद से फेंका। घटना के बाद सिंह मेंशन के बाहर समर्थकों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया। करीब तीन-चार दर्जन पुलिसकर्मी मौके पर तैनात किए गए।

सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने बताया कि बाइक सवार दो अपराधियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Back to top button