दुर्गछत्तीसगढ़

खनिज विभाग की नाक के नीचे शिवनाथ नदी में अवैध रेत उत्खनन का खेल चलता रहा…

जिला प्रशासन की टीम ने मंगलवार रात अवैध खनन पर कार्रवाई की है। तहसीलदार धमधा की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेत से भरे दो हाईवा, एक चेन माउंटेन मशीन जब्त की है।

इसके बाद टीम ने जब्त समान को नंदिनी थाने को सौंप दिया है। वहीं पटवारी को निर्देश दिया गया है कि जांच रिपोर्ट बनाकर अधिकारी को सौंपेगे। इससे अवैध खनन करने वाले से पैनल्टी वसूल की जा सके।

अवैध खनन पिछले कई दिनों से चल रहा था, लेकिन इस बात की जानकारी खनिज विभाग को नहीं थी। अवैध खनन की सूचना सीधे कलेक्टर अभिजीत सिंह को िमली। फिर कलेक्टर ने तहसीलदार राधे वर्मा को कार्रवाई के लिए भेजा िदया।

शिवनाथ नदी में ग्राम मेड़ेसरा के बांस घाट पर अवैध खनन की सूचना मिली थी। तहसीलदार ने बताया कि कोई देवांगन बीते कई दिनों से अवैध खनन कर रहा था।

ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला है खनन माफिया ने नदी में खनन करने के लिए एनजीटी के नियमों को दरकिनार करके रैक बनाया था।

नदी का पानी रोककर रैक बनाकर चेन माउंटेन से अवैध खनन कर हाईवा से रेत को मार्केट तक पहुंचा रहा था। कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच रिपोर्ट मांगी है, ताकि मिली भगत में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

इसी तरह कलेक्टर ने रानीतराई के समीप अवैध उत्खनन में जेसीबी, एक ट्रैक्टर और चार हाईवा जब्त किया था। कलेक्टर ने एसडीएम उत्तम ध्रुव को भेजकर कार्रवाई करवाई थी।

राजस्व विभाग क्षेत्र में अवैध ईंट भट्ठों के संचालकों को भी बगैर अनुमति के ईंट भट्ठे लगाकर पर्यावरण प्रदूषित करने के लिए नोटिस जारी किया था। वहीं कुटेलाभाठा इलाके से भी अवैध उत्खनन करते हुए एक चेन माउंटेन जब्त किया गया था।

Back to top button