अंतरराष्ट्रीय

चीन सीमा पर सेना का शक्ति प्रदर्शन, अरुणाचल के हाई एल्टीट्यूड पर गूंजी भारतीय तोपों की दहाड़…

भारतीय सेना ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी), अरुणाचल स्काउट्स, पैरा स्पेशल फोर्सेज और भैरव बटालियन के साथ मिलकर लोहित जिले के तेजू में तीन दिवसीय संयुक्त तोपखाने अभ्यास का सफलतापूर्वक संचालन किया। यह अभ्यास हाई एल्टीट्यूड पर युद्ध की तैयारियों को परखने के लिए किया गया।

रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने शुक्रवार को बताया कि 23 से 25 फरवरी तक चले इस अभ्यास से हाई एल्टीट्यूड वाले इलाकों में अंतर-एजेंसी समन्वय और परिचालन तत्परता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

यह अभ्यास विशेष रूप से अंतर-संगठनात्मक तालमेल को मजबूत करने और रणनीतिक रूप से संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में परिचालन तत्परता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया था।

लेफ्टिनेंट कर्नल रावत ने कहा कि यह अभ्यास सहभागी बलों के बीच संयुक्त परिचालन एकीकरण और अंतर-शस्त्र सहयोग को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में तोपखाने की मारक क्षमता के प्रयोग में उन्नत प्रौद्योगिकियों, अगली पीढ़ी के उपकरणों और परिष्कृत प्रक्रियाओं के एकीकरण पर जोर दिया गया।

Back to top button