छत्तीसगढ़क्राइमभिलाई

दुर्ग में चाकू की नोक पर लूट: नेवई पुलिस ने कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया…

दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के चाकू की नोक पर लूट की वारदात हुई।

पुलिस के होली सुरक्षा दावों के बावजूद हुई इस घटना ने सवाल खड़े किए। हालांकि, नेवई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मामले के अनुसार, सेक्टर-6 भिलाई निवासी सुजीत कुमार (पिता सुनील सिंह) ने 4 मार्च 2026 को नेवई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

उन्होंने बताया कि सुबह लगभग 3:20 बजे वह रिसाली सेक्टर से जोमैटो डिलीवरी कर लौट रहे थे।

लूट के बाद आरोपी फरार

इसी दौरान, स्कूटी (क्रमांक CG 10 AB 0512) पर सवार दो युवकों ने सुजीत को रोक लिया और दुर्ग स्टेशन छोड़ने के लिए कहा। जैसे ही सुजीत रुके, एक युवक ने उनके गले पर धारदार चाकू अड़ा दिया, जबकि दूसरा युवक उनकी पैंट की जेब से पर्स छीन लिया। आरोपियों ने उनसे 4500 रुपए नकद और वाहन की चाबी छीन ली और मौके से फरार हो गए।

नेवई थाना प्रभारी अनिल साहू ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धारा 126(2), 309(4) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 124/26 पंजीबद्ध किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना से महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान स्मृति नगर सुपेला भिलाई निवासी नितिन तिवारी उर्फ निन्नी (20 वर्ष) और स्टेशनपारा राजनांदगांव निवासी अक्षत शेण्डे (19 वर्ष) के रूप में हुई है।

जब्त हुआ चाकू, एक्टिवा और नगदी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल काले रंग की पुरानी होंडा एक्टिवा (CG 10 AB 0512), एक धारदार लोहे का चाकू और लूट की राशि में से 100 रुपए नगद बरामद किए हैं। जब्ती की कार्रवाई गवाहों की उपस्थिति में की गई।

आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद 4 मार्च 2026 को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय दुर्ग में पेश किया गया, जहां से केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

Back to top button