नौवीं के छात्र ने रूस में किया भारतीय छात्रों पर चाकू से हमला, गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर भी वार…

रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में एक विश्वविद्यालय में विदेशी छात्रों के छात्रावास में शनिवार को चाकू से हमला स्थानीय स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले 15 वर्षीय छात्र ने किया था।
चाकू से लैस हमलावर ने बश्कोर्तोस्तान के ऊफा स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में घुसकर वहां रहने वाले छात्रों पर हमला किया था। इस हमले में चार भारतीयों समेत छह लोग घायल हो गए थे।
भारतीय छात्रों की हालत सुधरी
भारतीय मिशन ने रविवार को कहा कि इस हमले में घायल भारतीय छात्रों की हालत सुधर रही है। भारतीय मिशन ने कहा, वे स्वस्थ हो रहे हैं।
हमारे काउंसलर अधिकारी ने अस्पताल में उनसे मुलाकात की और हास्टल में अन्य छात्रों से भी मिले। हम उनके साथ नियमित संपर्क में हैं।
हमला करने के बाद आत्महत्या करने की कोशिश
इस बीच बाश्कोर्तोस्तान की आधिकारिक समाचार एजेंसी बाशइंफार्म ने बताया कि गिरफ्तारी का विरोध करते हुए हमलावर ने दो पुलिस अधिकारियों और हास्टल के गार्ड को भी घायल कर दिया।
हमलावर किशोर ने आत्महत्या करने की कोशिश की और गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती है।
गंभीर लापरवाही का मामला दर्ज
बश्कोर्तोस्तान के अभियोजक कार्यालय और संघीय जांच समिति की स्थानीय शाखा ने शैक्षणिक संस्थान के अधिकारियों के खिलाफ गंभीर लापरवाही का मामला दर्ज किया है।
किशोर अपराध की रोकथाम के लिए संबंधित एजेंसियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
इस बीच, बश्कोर्तोस्तान के प्रमुख रेडी खबिरोव ने शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा को कड़ा करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। वह भारतीय दूतावास और पीडि़तों के रिश्तेदारों के साथ संपर्क में हैं।
शनिवार को एक चैनल ने दावा किया था कि हमलावर एक प्रतिबंधित नियो-नाजी संगठन एनएस/डब्ल्यूपी नियो-नाजी संगठन से संबंधित है।





