
नगर निगम ने शहर में बढ़ते अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुरुवार को पटरीपार सिकोला भाटा सब्जी मार्केट क्षेत्र में नाली के ऊपर किए गए अवैध निर्माण को हटाया।
निगम की टीम ने जेसीबी की मदद से करीब 35 से अधिक दुकानों के बाहर नाली पर बनाए अवैध शेड और पक्के निर्माण को तोड़कर हटाया।
लंबे समय से इस क्षेत्र में दुकानदारों ने नाली पर कब्जा कर पक्के निर्माण कर लिया था। जिससे आवागमन और सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
इस संबंध में नगर निगम की ओर से पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन अवैध कब्जाधारियों पर इसका कोई असर नहीं हुआ।
महापौर अलका बाघमार के सख्त निर्देश पर आज अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर कुमार के नेतृत्व में निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान पटरीपार सिकोला भाटा के कई दुकानदारों ने निगम की कार्रवाई को देखते हुए स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए 24 घंटे का समय भी मांगा।
इस पर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि तय समय के बाद यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।





