
ट्विनसिटी में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है।
शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा। यह पूरे प्रदेश में सबसे अधिक था।
वहीं, न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो लगभग सामान्य के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह शहर और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।
बीते चार दिनों से तापमान में स्थिरता बनी हुई थी, लेकिन अब इसमें 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने के आसार हैं। इससे दिन में हल्की गर्मी महसूस की जा सकती है।
हालांकि, रात के तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है, लेकिन 2 फरवरी से न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
मौैसम विशेषज्ञ हरिप्रसाद चंद्रा ने बताया कि 4 और 5 फरवरी को मध्य छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिसका असर ट्विनसिटी में भी देखने को मिल सकता है।
इसके अलावा, एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पूर्वी ईरान के ऊपर 4.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
दो नए पश्चिमी विक्षोभ 2 फरवरी और 5 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं। इसके चलते बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की वर्षा की संभावना है। 3 फरवरी को प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।





