कर्नाटक

बीआईएफएफ में फलस्तीनी फिल्मों को लेकर विवाद, भाजपा ने प्रकाश राज को घेरा…

बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (बीआइएफएफ) में फिलिस्तीनी फिल्मों की स्क्रीनिंग की मांग को लेकर भाजपा ने अभिनेता प्रकाश राज पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं ने इस मांग को राजनीति से प्रेरित बताते हुए केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन किया है।

कर्नाटक सरकार द्वारा बीआइएफएफ का एंबेसडर नियुक्त किए गए प्रकाश राज ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने इस साल महोत्सव में फलस्तीनी फिल्मों की स्क्रीनिंग पर रोक लगा दी है।

उन्होंने कहा कि बीआइएफएफ जैसे सांस्कृतिक मंच पर ऐसी पाबंदी स्वीकार्य नहीं है और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से इस पर ठोस निर्णय लेने की अपील की।

प्रकाश राज ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान के राजनीतिकरण का विरोध करते हुए फलस्तीनी सिनेमा के समर्थन में कविता भी पढ़ी और कहा कि कहानियों पर रोक लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

भाजपा विधायक महेश तेंगिनाकाई ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाया कि प्रकाश राज पाकिस्तान और बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर आधारित फिल्मों की स्क्रीनिग की मांग क्यों नहीं करते।

हुबली-धारवाड़ सेंट्रल से विधायक तेंगिनाकाई ने कहा कि फलस्तीनी फिल्मों पर रोक का फैसला शीर्ष स्तर पर लिया गया है और यह केंद्र सरकार का सही निर्णय है।

Back to top button