
दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में साइबर अपराध से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने म्यूल खातों के जरिए अवैध लेनदेन कर रहे चार अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ये गिरफ्तारियां सीसीएम मेडिकल कॉलेज रोड, कुरूद स्थित गुप्ता पीजी मकान के पास की गईं।
आरोपियों के कब्जे से 13 बैंक पासबुक, 7 चेकबुक, 18 एटीएम कार्ड, 4 मोबाइल, 12 सिम कार्ड और 5,700 रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराकर अवैध कमाई कर रहा था।
जामुल थाना को 19 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक दूसरों के बैंक खातों का दुरुपयोग कर संदिग्ध लेनदेन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर चारों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए, जिससे साइबर ठगी के नेटवर्क की पुष्टि हुई।





