दुर्गछत्तीसगढ़

दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मरोदा स्थित स्कूल का दौरा कर बोर्ड परीक्षा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया…

जिले में संचालित हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के तहत शनिवार को कलेक्टर अभिजीत सिंह ने परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने केन्द्र क्रमांक 141010 सेजस रिसाली तथा केन्द्र क्रमांक 141015 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा टंकी पहुंचकर परीक्षा संचालन की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केन्द्राध्यक्षों से परीक्षा भवन में मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, बिजली आपूर्ति और स्वच्छता के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि परीक्षार्थियों की उपस्थिति सुव्यवस्थित ढंग से दर्ज की जा रही है।

हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के अंतर्गत आज कक्षा दसवीं की हिन्दी विषय की परीक्षा थी। सेजस रिसाली केंद्र में 49 तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा टंकी में 159 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए।

कलेक्टर सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को परीक्षा हॉल में पानी की बोतल ले जाने की अनुमति दी जाए, बशर्ते बोतल पर किसी प्रकार का स्टीकर या लेबल न लगा हो।

उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों को शांत एवं अनुकूल वातावरण मिलना आवश्यक है।

इसके साथ ही उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों में इमरजेंसी लाइट की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बिजली बाधित होने की स्थिति में भी परीक्षा निर्विघ्न रूप से जारी रह सके।

कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और अनुशासन बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Back to top button