बिहार

बिहार में इंटर की परीक्षाएं आज से शुरू: 13 लाख से ज्यादा छात्र होंगे शामिल, सुरक्षा के कड़े इंतजाम…

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटर की वार्षिक परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार से शुरू होगी। यह परीक्षा 13 फरवरी तक चलेगी।

इंटर परीक्षा में 13 लाख 17 हजार 846 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी समेत पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

दो स्तरों पर परीक्षार्थियों की तलाशी के बाद केंद्रों में प्रवेश दी जाएगी। सीसीटीवी कैमरे की सख्त निगरानी की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी।

प्रत्येक पांच सौ विद्यार्थियों के लिए एक वीडियोग्राफर तैनात रहेंगे। केंद्र के आसपास फोटो कॉपी की दुकान व साइबर कैफे को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। पटना जिले में 84 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 73,963 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।

केंद्रों के आसपास सुबह से ही यातायात और पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। केंद्र के 200 मीटर की परिधि में अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

सभी जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक अपने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाओं के दौरान भ्रमणशील रहेंगे। परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रानिक उपकरण ले जाना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है।

पटना में चार मॉडल केंद्र

इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा के लिए प्रत्येक जिले में चार मॉडल केंद्र बनाए गए हैं। पूरे राज्य में 152 मॉडल केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर परीक्षार्थी छात्राएं होंगी।

प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, वीक्षक, सुरक्षाकर्मी भी महिलाएं होंगी। छात्राओं का फूलों और गुब्बारों से स्वागत किया जाएगा। प्रवेश द्वार से परिसर के अंदर तक कारपेट रहेगी।

इसके साथ इन मॉडल परीक्षा केंद्रों पर हेल्पडेस्क भी बनाए गए हैं। पटना चार मॉडल केंद्र राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बांकीपुर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय शास्त्रीनगर, कमला नेहरू उच्च माध्यमिक विद्यालय यारपुर और राजकीय बालिका उच्च विद्यालय गर्दनीबाग शामिल हैं।

दो पालियों में होगी परीक्षा

परीक्षा दो पालियों में होंगी। पहली पाली की परीक्षा 9.30 से 12.45 तक चलेगी। दूसरी की दोपहर दो से 5.15 बजे तक चलेगी।

पहली पाली की परीक्षा के लिए परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले यानी 8.30 बजे से प्रवेश प्रारंभ हो जाएगा। वहीं, परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले यानी नौ बजे प्रवेश द्वार बंद हो जाएगा।

दूसरी पाली की परीक्षा के परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले यानी एक बजे से प्रवेश प्रारंभ हो जाएगा। आधे घंटे पहले यानी दोपहर 1.30 बजे प्रवेश द्वार बंद हो जाएगा।

परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए कूल आफ टाइम दिया जाएगा। परीक्षा समिति ने अभिभावकों व विद्यार्थियों को समय का ध्यान रखते हुए परीक्षा केंद्र पर आधे घंटे पहले पहुंचने का आग्रह किया है।

आज इन विषयों की होगी परीक्षा

पहले दिन पहली पाली में जीव विज्ञान और दर्शनशास्त्र विषयों की परीक्षा आयोजित होगी। शामिल होने के लिए 5,02,317 परीक्षार्थियों ने फार्म भरा है।

दूसरी पाली में कला संकाय और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित होगी। इसमें शामिल होने के लिए कुल 55,964 परीक्षार्थियों ने फार्म भरा है।

अवैध तरीके से प्रवेश किया तो दो वर्ष के लिए होंगे निष्कासित

परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा कि परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। परीक्षा केंद्र पर देर से पहुंचने पर यदि केंद्र में जबरदस्ती या अवैध रूप से कोई परीक्षार्थी प्रवेश करता है तो उसे दो वर्ष के लिए परीक्षा से निष्कासित कर दिया जायेगा।

साथ ही उन पर प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी। इसमें सहयोग करने वाले केन्द्राधीक्षक और चिह्नित व्यक्ति के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षार्थी इन बातों का रखें ख्याल

  • प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र जरूर रख लें
  • दो या तीन बाल पेन रख लें
  • पानी का बोतल, बैग, पॉलीथिन, पर्स आदि लेने जाने की अनुमति नहीं
  • परीक्षा शुरू होने के एक घंटा पहले पहुंचकर कर लें प्रवेश
  • परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले बंद हो जाएगा प्रवेश द्वार
  • जबरदस्ती या अवैध रूप से प्रवेश लेने पर दो वर्ष के लिए निष्कासित
  • परीक्षा केंद्र पर दो स्तरों पर ली जाएगी तलाशी
  • किसी भी तरह का इलेक्ट्रानिक गैजेट पर प्रतिबंध रहेगा
  • एडमिट कार्ड में गड़बड़ी तो फोटोयुक्त पहचान पत्र लेकर जाना होगा

काम करने लगा नियंत्रण कक्ष

परीक्षा के दौरान सूचनाओं के आदान- प्रदान और समस्याओं के ससमय निवारण के लिए नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। रविवार से ही काम कर रहा है। नियंत्रण कक्ष परीक्षा समाप्ति के अंतिम दिन तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा। नियंत्रण कक्ष से 0612-2232257 तथा 0612-2232227 पर संपर्क किया जा सकता है।

Back to top button