रायपुर : स्वस्थ बचपन की दिशा में वजन त्यौहार सशक्त पहल…

बलरामपुर जिले में बच्चों के समग्र स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार हेतु कलेक्टर के मार्गदर्शन में ‘वजन त्यौहार’ का सफल आयोजन किया जा रहा है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का वजन कर उनके पोषण स्तर का आकलन किया जा रहा है।
अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं घर-घर संपर्क कर पालकों को जागरूक करते हुए बच्चों को केंद्र तक ला रही हैं।
वजन के आधार पर बच्चों को सामान्य, मध्यम कुपोषित एवं गंभीर कुपोषित श्रेणियों में चिन्हांकित किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद बच्चों को समय पर अतिरिक्त पोषण, चिकित्सकीय परामर्श एवं विशेष देखभाल उपलब्ध कराई जा सके।
इस अवसर पर माताओं को सुपोषण, संतुलित आहार, स्तनपान, टीकाकरण एवं स्वच्छता के महत्व की जानकारी भी दी जा रही है।
कुपोषण की आशंका वाले बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र, स्वास्थ्य जांच शिविर एवं पूरक पोषण आहार से जोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने पालकों से बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र अवश्य लाने की अपील की है।





