
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के केलाबाड़ी स्थित प्राथमिक और मिडिल स्कूल परिसर में तंत्र-मंत्र किया गया है। असामाजिक तत्वों ने स्कूल में तोड़फोड़ कर टेबल-कुर्सी में आग भी लगा दी। जिससे बच्चों और शिक्षकों में दहशत का माहौल बन गया है।
एक सप्ताह पहले स्कूल के क्लासरूम के बाहर चुनरी, माला और गोबर-मिट्टी से तंत्र-मंत्र जैसे निशान बनाए गए थे। यही नहीं, क्लासरूम के अंदर भी इस तरह के निशान पाए गए। शिक्षकों ने इस मामले की शिकायत पहले भी पुलिस से की थी, लेकिन इसके बावजूद घटनाएं नहीं रुकी।
अब प्राथमिक स्कूल में असामाजिक तत्वों ने टेबल-कुर्सियों के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जला दिया है। इसके अलावा क्लासरूम के पंखे और लाइट तक तोड़ दिए।
बिजली के बोर्ड भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए हैं। बोर के केबल भी जला दिए। इससे पहले, शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल बोरसी में प्रिंसिपल ऑफिस के ठीक सामने तंत्र-मंत्र कर कोयल की बलि दी गई थी।





