छत्तीसगढ़

हाथ में सिलेंडर लेकर चौराहे पर पहुंचे कांग्रेसी नेता: घरेलू सिलेंडर में ₹60 और कमर्शियल में ₹110 बढ़ोतरी को जनता पर अतिरिक्त बोझ बताया…

रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को रायपुर के घड़ी चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई नेता हाथ में गैस सिलेंडर लेकर चौराहे पर खड़े नजर आए और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर आम जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है।

कांग्रेस के मुताबिक हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में ₹60 और व्यावसायिक सिलेंडर में ₹110 प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। पार्टी नेताओं ने इसे आम लोगों के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि पहले से ही महंगाई से परेशान जनता के लिए यह फैसला और मुश्किलें बढ़ाने वाला है।

तेल कंपनियों के कार्यालय घेराव का ऐलान

कांग्रेस ने इस बढ़ोतरी के विरोध में तेल के सरकारी उपक्रमों के कार्यालयों के घेराव का कार्यक्रम भी घोषित किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि सरकार ने जल्द फैसला वापस नहीं लिया तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेसी कार्यकर्ता

प्रदर्शन के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को घड़ी चौक पहुंचने का आह्वान किया गया था। इसके तहत प्रदेश और शहर के कई कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य, वरिष्ठ नेता, सांसद और पूर्व सांसद, विधायक व पूर्व विधायक, पार्षद और पूर्व पार्षद, नेता प्रतिपक्ष व पूर्व नेता प्रतिपक्ष सहित पार्टी के विभिन्न मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी भी पहुंचे

प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, किसान कांग्रेस, असंगठित क्षेत्र जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ, अल्पसंख्यक विभाग, विधि विभाग, अनुसूचित जाति-जनजाति विभाग, पिछड़ा वर्ग विभाग और झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी भी शामिल हुए।

इसके अलावा मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, सेक्टर और जोन अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता घड़ी चौक पर जुटे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Back to top button