हैदराबाद: हनुमान मंदिर में हुई चोरी और तोड़फोड़ की घटना, तीन नाबालिग रोहिंग्या पकड़े गए…

हैदराबाद शहर के चंद्रायणगुट्टा थाना क्षेत्र में स्थित एक मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति को नुकसान पहुंचाने और तांबे का बर्तन चोरी करने के आरोप में तीन रोहिंग्या नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 24 फरवरी को बरकास इलाके के हनुमान मंदिर में तोड़फोड़ और चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। अज्ञात लोगों द्वारा मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसने और तांबे का बर्तन चोरी करने की बात सामने आई थी।
जांच के दौरान पुलिस की विशेष टीमों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में कुछ बच्चे संदिग्ध तरीके से पालीथिन बैग लेकर जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने तीन नाबालिगों को बालापुर इलाके में उनके घरों से पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में नाबालिगों ने पत्थर से ताला तोड़कर मंदिर में प्रवेश करने, तांबे का बर्तन चोरी करने और मूर्ति को नुकसान पहुंचाने की बात स्वीकार की है। ये सभी म्यांमार मूल के रोहिंग्या बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग गलत गतिविधियों में लिप्त थे और खर्च के लिए चोरी करने की योजना बनाई थी। तीनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
