छत्तीसगढ़दुर्ग

दुर्ग हादसा:- कंटेनर ने 8 गायों को रौंदा, ड्राइवर हिरासत में , बाफना टोल प्लाजा के पास हुई थी दुर्घटना, हिंदू संगठनों का प्रदर्शन।

जनता की रिपोर्ट:-  दुर्ग जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मंगलवार देर रात बाफना टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क पर चल रही 8 गायों को कुचल दिया। हादसे में सभी गायों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कंटेनर राजनांदगांव से दुर्ग की ओर आ रहा था। चालक की लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने के कारण गायें उसकी चपेट में आ गईं। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और सामाजिक संगठनों को सूचना दी।

हिंदू संगठनों का विरोध प्रदर्शन

घटना की खबर मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी सौरभ देवांगन, बलदाऊ साहू समेत कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने विरोध जताया और कंटेनर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। संगठनों ने प्रशासन से मांग की कि लापरवाह ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की जाए।

ड्राइवर हिरासत में, कंटेनर जब्त

मौके पर कार्यकर्ताओं और प्रशासन की मौजूदगी में मृत गायों का अंतिम संस्कार किया गया। संगठनों ने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई गईं तो बड़ा आंदोलन होगा।

वहीं, कोतवाली थाना पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है कि क्या हादसे के वक्त चालक नशे में था। फिलहाल लापरवाही से वाहन चलाने की धारा के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।

 

 

Back to top button