
दुर्ग जिले में सोमवार की रात होलिका दहन का आयोजन कई जगहों पर पारंपरिक तरीके से किया गया। लोगों ने पूजा-अर्चना के बाद होलिका दहन किया।
जिले के कई इलाकों में रंग-बिरंगे अंदाज में लोग एकत्रित होकर होली की शुरुआत का जश्न मनाते दिखे।
गणपति विहार में कॉलोनीवासियों ने मिलकर होलिका दहन का आयोजन किया। शाम ढलते ही सभी ने होलिका के चारों ओर दीप जलाए और पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना की।
बच्चों और बुजुर्गों ने भी होलिका दहन में हिस्सा लिया। वहीं, भिलाई के खुर्सीपार, रामनगर, वैशाली नगर और वृंदानगर में भी लोग एकत्रित होकर होली जलाई।
दो दिन होगा होलिका दहन
बताया जा रहा है कि, इस बार सोमवार की रात के अलावा मंगलवार को भी होलिका दहन किया जाएगा। होलिका दहन के शुभ मुहूर्त पर लोगों ने होली के गीत गाए और नंगाड़ा बजाकर डांस भी किया। कई लोग मंगलवार 3 मार्च को भी होलिका दहन का आयोजन करेंगे।
पुलिस रही मुस्तैद
पुलिस प्रशासन ने भी इस बार होलिका दहन को लेकर पूरी तैयारी की थी। जिले में सोमवार को पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च किया गया और सुरक्षा के लिए विशेष टीम तैनात की गई थी।
पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी के कारण लोग सुरक्षित माहौल में होली का जश्न मना सके।





