छत्तीसगढ़भिलाई

केनाल रोड निर्माण कार्य शुरू: जुनवानी से आईआईटी तक फोरलेन सड़क का निर्माण होगा, 20 हजार लोगों को मिलेगी बड़ी राहत…

लोक निर्माण विभाग ने बहुप्रतीक्षित केनाल रोड निर्माण का ठेका जारी कर दिया है। ठेकेदार ने मौके पर काम भी शुरू कर दिया है। प्रारंभिक चरण में नाले के ऊपर की सफाई, अतिक्रमण हटाने और निर्माण क्षेत्र को व्यवस्थित करने जैसे कार्य किए जा रहे हैं।

18 करोड़ 8 लाख 32 हजार रुपए की लागत से बनने वाली यह 2.30 किलोमीटर लंबी फोर लेन सड़क जुनवानी पेट्रोल पंप से खम्हरिया भाठा, खम्हरिया और कुटेलाभाठा होते हुए आईआईटी जेवरा-सिरसा तक विकसित की जाएगी।

इस सड़क के बनने से जुनवानी पेट्रोल पंप चौक से आईआईटी भिलाई तक जाने वाले जर्जर मार्ग से लोगों को राहत मिलेगी।

लंबे समय से यह सड़क सैकड़ों बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। खासकर बारिश के दिनों में हालात बेहद खराब हो जाते हैं।

जलभराव, कीचड़ और टूटे हिस्सों के चलते दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है, जिससे रोजाना आवागमन करने वाले हजारों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

इस परियोजना की विशेषता यह है कि यह भिलाई की दूसरी केनाल रोड होगी। इससे पहले खुर्सीपार में इसी तर्ज पर सड़क बनाई जा चुकी है।

इस सड़क के निर्माण से प्रतिदिन 20 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। स्मृति नगर, नेहरू नगर, जेवरा-सिरसा और आईआईटी भिलाई क्षेत्र के हजारों नागरिकों को एक चौड़ा, सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा।

साथ ही शैक्षणिक संस्थानों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होने से विद्यार्थियों और कर्मचारियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। खम्हरिया से कुटेला भाठा होते हुए जेवरा-सिरसा जाने वालों के लिए यह मार्ग एक महत्वपूर्ण शॉर्टकट साबित होगा।

सड़क की हालत से लोग परेशान है। ऐसे में वार्ड के साहू समाज के अध्यक्ष व पूर्व पार्षद महेंद्र साहू, हेमंत साहू, अश्वनी साहू, प्रेम क्षत्री, नकुल साहू, जीवन गंधर्व, छोटू ठाकुर, अशोक साहू, पंकज मूर्ति, मीनी साहू, सुरेन्द्र साहू, देवेन्द्र साहू आदि ने मिलकर पहल की थी। कुछ माह पहले जब सड़क पर चलना भी मुश्किल हो गया था, तब इन्होंने श्रमदान से गड्ढों में आसपास की मिट्टी, मुरम, छोटे पत्थर पाट कर रोड को चलने लायक बनाया था। लेकिन अब फिर गड्ढे हो गए है।

Back to top button