राष्ट्रीय

राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा की दूसरी सूची जारी: महाराष्ट्र से विनोद तावड़े और रामदास अठावले उम्मीदवार; अब तक 13 नामों का ऐलान…

राज्यसभा चुनाव के लिए बुधवार को भाजपा ने 4 प्रत्याशियों के नाम वाली दूसरी लिस्ट जारी की है।

इसमें केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और माया चिंतामन इवनाते और रामराव वडकुते का नाम शामिल है।

9 प्रत्याशियों के नाम की पहली लिस्ट

एक दिन पहले भाजपा ने राज्यसभा के लिए पार्टी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। इसमें 6 राज्यों से 9 नाम शामिल थे। अब 7 राज्यों से कुल 13 प्रत्याशियों के नाम का एलान हो चुका है।

पहली बार राज्यसभा जाएंगे विनोद तावड़े

भाजपा द्वारा बुधवार को जारी लिस्ट के मुताबिक रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले राज्यसभा में एक और कार्यकाल के लिए तैयार हैं। जबकि भाजपा के महासचिव विनोद तावड़े पहली बार राज्यसभा में जाएंगे।। रामराव वडकुटे और माया चिंतामण ईवनाटे के नाम भी उम्मीदवारों की लिस्ट में हैं।

16 मार्च को है चुनाव

बता दें कि दस राज्यों की 37 राज्यसभा सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 16 मार्च को आयोजित किए जाने हैं। मतों की गिनती उसी दिन की जाएगी। ये सीट अप्रैल में अलग-अलग तारीखों पर खाली हो रहे हैं।

वैसे राज्य जहां से राज्यसभा सीट खाली हो रही हैं, वे हैं, महाराष्ट्र (सात सीट), तमिलनाडु (छह), पश्चिम बंगाल और बिहार (पांच-पांच), ओडिशा (चार), असम (तीन), हरियाणा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ (दो-दो) तथा हिमाचल प्रदेश (एक)। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख पांच मार्च है।

Back to top button