अमेरिकी बेस पर हमले के समय ईरानी SU-24 केवल 2 मिनट की दूरी पर थे; कतर ने हमला ऐसे नाकाम किया…

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है।
कतर के लड़ाकू विमानों ने ईरान के दो सोवियत-युग के Su-24 सामरिक बमवर्षकों को मार गिराया है। कतर के विमानों द्वारा मार गिराए जाने से पहले ईरानी बमवर्षक विमान अमेरिकी हवाई अड्डे पर हमला करने से सिर्फ दो मिनट की दूरी पर थे।
दरअसल, ईरान के सुप्रीम लीडर खामनेई की मौत के बाद तेहरान की ओर से की गई अब तक की सबसे दुस्साहसिक सैन्य कार्रवाई मानी जा रही है।
क्या है पूरी घटना?
सीएनएन ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सोमवार की सुबह ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने सोवियत-युग के दो Su-24 सामरिक बमवर्षक विमानों को अल-उदैद हवाई अड्डे की ओर भेजा। अल-उदैद हवाई अड्डे पर 10,000 अमेरिकी सैनिक तैनात रहते हैं।
दो मिनट की दूरी पर थे ईरानी विमान
ईरानी बमवर्षक जेट अपने मिशन से मात्र दो मिनट की दूरी पर थे। इस दौरान कतर ने रेडियो पर चेतावनी जारी की लेकिन जेट विमानों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिन्होंने रडार से बचने के लिए 80 फीट की उड़ान ऊंचाई पर उड़ान भरना शुरू कर दिया था।
समय की कमी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ईरानी विमानों को कतर ने दुश्मन घोषित कर दिया था। इसके बाद कतर ने अपने युद्धक विमान भेजे और कतर के एफ-15 लड़ाकू विमान ने ईरानी जेट विमानों के साथ हवाई युद्ध किया और उन्हें मार गिराया।
कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी ने मंगलवार को एक ब्रीफिंग में बताया कि ईरानी विमान कतर की समुद्री सीमा में दुर्घटनाग्रस्त हो गए। चालक दल की तलाश जारी है।
अमेरिकी ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन ने बुधवार को एक ब्रीफिंग में इस घटना को स्वीकार करते हुए कहा कि कतर के लड़ाकू विमानों ने पहली बार अपने गंतव्य की ओर जा रहे दो ईरानी बमवर्षक विमानों को मार गिराया है। हालांकि, उन्होंने घटना की विस्तृत जानकारी नहीं दी।





