डार्क मोड में होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते मुंबई पहुंचा भारत के लिए तेल ला रहा ‘शेनलोंग’ जहाज, कैप्टन संधू ने दिखाई बहादुरी…

भारत के लिए कच्चा तेल लेकर आ रहा एक विदेशी ध्वज वाला समुद्री जहाज युद्ध प्रभावित होर्मुज स्ट्रेट को सफलतापूर्वक पार कर मुंबई पहुंच गया है।
कैप्टन सुखशांत सिंह संधू और उनके भारतीय क्रू ने समझदारी और बहादुरी का परिचय देते हुए इस जहाज को भारत पहुंचाया। अति संवेदनशील होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते वक्त कैप्टन ने जहाज के ट्रांसपोंडर और ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (एआइएस) को बंद कर यानी डार्क मोड में वहां से सुरक्षित निकाला।
होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों को ईरान निशाना बना रहा है
ईरान को भनक तक नहीं लगी। होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों को ईरान निशाना बना रहा है। इसके अलावा एक और बड़े जहाज के एक-दो दिन में भारतीय बंदरगाहों पर पहुंचने की उम्मीद है। समुद्री जहाज ट्रैकिंग डाटा और इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी।
लाइबेरियाई ध्वज वाला शेनलोंग पोत सऊदी अरब से लगभग 10 लाख बैरल कच्चा तेल लेकर बुधवार शाम मुंबई बंदरगाह पर पहुंचा। एक भारतीय ध्वज वाला बड़ा तेल वाहक यानी वीएलसीसी टैंकर, जिसमें लगभग 20 लाख बैरल इराकी कच्चा तेल है, भी भारतीय जल क्षेत्र में पहुंच गया है और ओडिशा के पारादीप की ओर बढ़ रहा है, जहां इंडियन आयल कार्पोरेशन की रिफाइनरी है।
जब पश्चिम एशिया में टकराव शुरू हुआ और अमेरिकी व इजरायल ने ईरान पर हमला किया तो उसके एक दिन बाद यानी एक मार्च को शेनलोंग ने सऊदी अरब के रस तानुरा बंदरगाह से कच्चा तेल लोड करना शुरू किया।
यह टैंकर तीन मार्च को उस समय रवाना हुआ, जब क्षेत्र में जंग बढ़ गई और ईरान ने पड़ोसी देशों और इजरायल में प्रतिशोधी हमले किए। इस दौरान होर्मुज स्ट्रेट भी बंद हो गया जोकि ईरान और ओमान के बीच एक संकीर्ण समुद्री मार्ग है और जिसके माध्यम से वैश्विक कच्चे तेल का लगभग 20 प्रतिशत और भारत के तेल आयात का करीब आधे से अधिक हिस्सा भेजा जाता है।
सऊदी अरब, इराक और यूएई से तेल इसी रास्ते से आता है। शेनलोंग ने नौ मार्च को होर्मुज स्ट्रेट में अंतिम संकेत भेजा था। इसके बाद उसका ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (एआइएस) बंद कर दिया गया, जैसा की जहाज ट्रैकिंग डाटा में दिखाया गया।
यह वह वक्त था जब वह युद्ध प्रभावित होर्मुज स्ट्रेट के सबसे अहम क्षेत्र से गुजर रहा था। जहाज एक दिन ट्रैकिंग सिस्टम पर फिर से दिखाई दिया। बुधवार को इसने मुंबई बंदरगाह पर डाक किया। इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पोत ने अब अपना तेल खाली करना शुरू कर दिया है।
अब तक तीन भारतीय नाविक मारे गए, एक लापता
सरकार ने गुरुवार को कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के बीच अब तक तीन भारतीय नाविक मारे गए हैं और एक लापता है। चार अन्य घायल हुए हैं।
पोर्ट्स, शिपिंग मंत्रालय के स्पेशल सेक्रेटरी राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में विदेशी जहाजों पर हमले का शिकार हुए नाविकों में 78 भारतीय हैं। इनमें से 70 सुरक्षित बच गए हैं।
सिन्हा ने यह भी कहा कि होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने के कारण 28 भारतीय जहाज प्रभावित हुए हैं। सभी भारतीय जहाजों और क्रू की सुरक्षा की सक्रिय रूप से निगरानी की जा रही है।
इराक स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि इराक के बसरा के पास जलक्षेत्र में अमेरिकी स्वामित्व वाले एक तेल टैंकर ‘सेफसी विष्णु’ पर 11 मार्च को हुए हमले में भारतीय चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई। पोत पर सवार भारतीय चालक दल के अन्य 15 सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।





