अंतरराष्ट्रीय

ईरान युद्ध के बीच दुनिया के सबसे बड़े एयरक्राफ्ट कैरियर USS जेराल्ड फोर्ड में लगी आग, दो अमेरिकी सैनिक घायल…

 ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी नौसेना के विमानवाहक पोत USS Gerald R. Ford पर आग लगने की घटना सामने आई है। इस हादसे में दो अमेरिकी नाविक घायल हो गए।

अमेरिकी सेना के अनुसार यह आग किसी युद्ध कार्रवाई की वजह से नहीं लगी थी। यह जहाज इस समय मध्य पूर्व में चल रहे ईरान के खिलाफ सैन्य अभियानों में हिस्सा ले रहा है।

दुनिया का सबसे बड़ा और अमेरिका का सबसे नया विमानवाहक पोत फिलहाल लाल सागर में तैनात है।

जहाज पर कैसे लगी आग?

अमेरिकी सेना ने बताया कि आग जहाज के मुख्य लॉन्ड्री हिस्से में लगी थी। इस घटना में दो नाविक घायल हुए, जिन्हें तुरंत इलाज दिया गया। सेना के अनुसार दोनों की हालत स्थिर है और उनकी चोटें जानलेवा नहीं हैं।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि आग से जहाज के इंजन या संचालन प्रणाली को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और विमानवाहक पोत पूरी तरह काम कर रहा है।

युद्ध में अब तक नुकसान

अमेरिका और इजरायल के साथ चल रहे ईरान युद्ध में अब तक सात अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा करीब 150 अमेरिकी सैनिक घायल भी हुए हैं। यह युद्ध अभी भी जारी है और क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गतिविधियां बढ़ी हुई हैं।

यूएसएस जेराल्ड फोर्ड पर 5000 से ज्यादा नाविक तैनात हैं। इस जहाज पर 75 से ज्यादा सैन्य विमान मौजूद हैं। इनमें लड़ाकू विमान Boeing F/A-18E/F Super Hornet भी शामिल हैं।

यह विमानवाहक पोत पिछले नौ महीनों से तैनाती पर है और इसी साल की शुरुआत में कैरेबियन क्षेत्र में भी सैन्य अभियानों में हिस्सा ले चुका है।

Back to top button