छत्तीसगढ़

5वीं-8वीं के प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा में रवाना, 45 हजार विद्यार्थी परीक्षा में होंगे शामिल…

पांचवीं और आठवीं कक्षा की केंद्रीयकृत परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को परीक्षा के प्रश्न पत्रों को तीनों विकासखंडों के संबंधित पुलिस थानों तक बसों के माध्यम से सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से पहुंचाया गया।

कक्षा पांचवीं के 1077 और कक्षा आठवीं के 728 परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्न पत्रों के पैकेट सीलबंद पेटियों में रखकर भेजे गए। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।

इस वर्ष कक्षा पांचवीं की परीक्षा में कुल 23,151 विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें 14,480 सरकारी और 8,671 निजी स्कूलों के छात्र हैं। वहीं कक्षा आठवीं की परीक्षा में 22,700 विद्यार्थी शामिल होंगे, जिनमें 15,486 सरकारी और 7,216 निजी स्कूलों के छात्र शामिल हैं।

परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की गई है। 16 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र प्रत्येक परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्ष को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और संकुल प्राचार्यों को जिम्मेदारी दी गई है।

जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने बताया कि केंद्रीयकृत परीक्षा का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना और छात्रों की वास्तविक शैक्षणिक स्थिति का आकलन करना है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ेगी और उनकी बुनियाद मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर शिक्षा मजबूत होने से बच्चों का आगे का शैक्षणिक सफर बेहतर होगा। ऐसी परीक्षाएं विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल के लिए तैयार करती हैं और उनके भविष्य को नई दिशा देती हैं। इस बार परीक्षा को केवल औपचारिकता न रखते हुए प्रशासनिक सख्ती, तकनीकी निगरानी और पूरी जवाबदेही के साथ आयोजित किया जाएगा।

कक्षा 5वीं की परीक्षा सुबह 9 से 11 बजे तक : 5वीं की केंद्रीकृत परीक्षाएं सुबह 9 से 11 बजे तक होगी। गणित विषय की परीक्षा 16 मार्च सोमवार, अंग्रेजी 19 मार्च गुरुवार, हिंदी 23 मार्च सोमवार तथा पर्यावरण अध्ययन विषय की परीक्षा 25 मार्च बुधवार को होगी।

8वीं की परीक्षा सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक: कक्षा 8वीं की परीक्षाए सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी।

गणित विषय की परीक्षा 17 मार्च मंगलवार, हिंदी 20 मार्च शुक्रवार, अंग्रेजी 24 मार्च मंगलवार, सामाजिक विज्ञान 30 मार्च सोमवार, विज्ञान 2 अप्रैल गुरुवार तथा संस्कृत/उर्दू विषय की परीक्षा 6 अप्रैल सोमवार को होगी।

Back to top button