मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच आई गुड न्यूज! UAE, ओमान और सऊदी अरब से यात्रियों को ऐसे निकालेगी एअर इंडिया…

मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच रविवार को एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस इस क्षेत्र से आने-जाने वाली कुल 72 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ाने संचालित करने वाली हैं।
दोनों एयरलाइंस 15 मार्च को जेद्दा और मस्कट के लिए अपनी-अपनी निर्धारित सेवाएं जारी रखेंगी, जिसमें भारत और जेद्दा के बीच कुल 8 उड़ानें शामिल हैं। एयरलाइन ने बताया, “इनमें से एअर इंडिया दिल्ली और मुंबई से एक-एक वापसी सेवा संचालित करेगी, जबकि एअर इंडिया एक्सप्रेस बेंगलुरु और कोझिकोड से भी एक-एक उड़ान संचालित करेगी।”
कहां-कहां से कौन-कौन सी फ्लाइट होंगी संचालित
एअर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए और वहां से 12 निर्धारित उड़ानें भी संचालित करेगी, जिसमें दिल्ली, कोच्चि, कोझिकोड, मंगलुरु, मुंबई और तिरुवनंतपुरम से सेवाएं शामिल हैं।
इसके अलावा, एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और सऊदी अरब के लिए और वहां से कुल 52 गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी। यह उस समय प्रस्थान स्टेशनों पर स्लॉट की उपलब्धता और अन्य मौजूदा स्थितियों पर निर्भर करेगा।
इजाजत के साथ उड़ानें की जा रहीं संचालित
एयरलाइन के अनुसार, ये उड़ानें संबंधित भारतीय और स्थानीय नियामक प्राधिकरणों से आवश्यक अनुमतियों के साथ संचालित की जा रही हैं।
इसमें आगे कहा गया, “एअर इंडिया ग्रुप पश्चिम एशिया के डेस्टिनेशन्स के लिए और वहां से अन्य अतिरिक्त एड-हॉक उड़ानें संचालित करने के हर अवसर की तलाश कर रहा है।”
इस बीच, एअर इंडिया और इंडिगो के बाद अकासा एयर ने भी अपनी उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज लागू कर दिया है।
यह कदम मिडिल ईस्ट में बदलते भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के बाद उठाया गया है।





