
भिलाई के कोहका इलाके में स्थित भेलवा तालाब में शनिवार को नहाने के दौरान एक 16 वर्षीय लड़के की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कैंप-1 निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गुरप्रीत अपने दोस्तों और भाई के साथ तालाब गया था। यहां पर वो बाहर गार्डन में बैठा हुआ था। दोस्तों को नहाता देखकर वो भी तालाब में नहाने उतर गया।
इसी दौरान वह तालाब में उतरते ही गहराई में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। परिवार के लोगों का कहना है कि शुरू में वह तालाब के किनारे बैठकर फोन पर बात कर रहा था। उसी समय उसके दोस्त तालाब में नहा रहे थे। दोस्तों को नहाता देखकर गुरप्रीत भी तालाब में उतर गया।
तालाब की गहराईयों में फंसने की आशंका परिजनों के मुताबिक जैसे ही वह तालाब में उतरा, कुछ ही देर में वह पानी में फंस गया। बताया जा रहा है कि तालाब के अंदर उसका पैर किसी चीज में फंस गया था, जिसकी वजह से वह बाहर नहीं निकल सका। जब तक दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों को उसकी हालत का पता चला, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
आधे घंटे के बाद निकाल सके बाहर, डाक्टरों ने किया मृत घोषित गुरप्रीत के भाई और दोस्तों ने उसे बाहर निकालने की काफी कोशिश की।
आसपास के लोगों ने भी मदद की और काफी मशक्कत के बाद उसे तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद तुरंत उसे इलाज के लिए भिलाई के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोगों का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने सही तरीके से इलाज नहीं किया।
मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव घटना की जानकारी मिलते ही स्मृति नगर चौकी पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मामले में कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।





