कॉपी में गलत जांच, नंबर जोड़ने या लिखने में गलती होने पर तीन साल के लिए प्रतिबंध, वेतन वृद्धि भी रोकी जा सकती है…

दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 16 मार्च से जिले के दो केंद्रों शासकीय आदर्श गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल दुर्ग और सेजस दीपक नगर स्कूल में शुरू होगा।
अब तक दोनों केंद्रों पर करीब 94 हजार कॉपियां पहुंच चुकी हैं, जबकि दूसरी खेप में लगभग 30 हजार और कॉपियां आने का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर के निर्देशानुसार इस वर्ष मूल्यांकन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटि रहित बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
मूल्यांकन या अंकों की गणना में गलती पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों के अनुसार गंभीर लापरवाही मिलने पर शिक्षक को तीन से पांच वर्ष तक बोर्ड के पारिश्रमिक कार्यों से वंचित किया जा सकता है, वहीं अधिक गंभीर मामलों में एक वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने की सिफारिश भी की जाएगी।
बोर्ड के मुख्य परीक्षा वर्ष 2022-23 से लागू आदेश के अनुसार 20 से 40 अंकों तक की वृद्धि पाए जाने पर शिक्षक को तीन साल के लिए बोर्ड कार्य से अलग किया जाएगा।
41 से 49 अंकों की वृद्धि वाले मामलों में पांच वर्ष तक प्रतिबंध रहेगा। यदि अंतर 50 अंकों से अधिक पाया गया तो पांच साल तक पारिश्रमिक कार्य से वंचित करने के साथ-साथ एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने की अनुशंसा की जाएगी।
जिले में बनाए गए दोनों मूल्यांकन केंद्रों में कॉपियों की जांच का काम अलग-अलग किया जाएगा। आदर्श स्कूल में लगभग 52 हजार और सेजस दीपक नगर स्कूल में करीब 42 हजार उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पूरी निष्पक्षता, शुद्धता और पारदर्शिता के साथ करने कहा।
शिक्षक केवल उसी विषय की कॉपियां जांचें, जिसे वे पढ़ाते हैं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मूल्यांकन शुरू करने से पहले प्रश्नपत्र और आदर्श उत्तर का सावधानीपूर्वक अध्ययन करना अनिवार्य है, ताकि किसी भी छात्र के साथ अन्याय न हो।
दोनों पालियों में 20-20 कॉपी जांचेंगे, निष्पक्ष मूल्यांकन करेंगे उत्तर बिना जांचे छोड़ना दंडनीय त्रुटि मूल्यांकनकर्ता प्रतिदिन दोनों पालियों में निर्धारित अनुसार 20-20 उत्तरपुस्तिकाएं जांचेंगे। गलत उत्तर पर स्पष्ट रूप से शून्य अंक लिखना होगा। यदि परीक्षार्थी ने निर्धारित से अधिक प्रश्न हल किए हों तो अतिरिक्त उत्तर को लाल स्याही से काटकर अतिरिक्त लिखेंगे।
सभी खाली पन्नों पर लाल स्याही से क्रॉस करना अनिवार्य है। कोई भी लिखा हुआ उत्तर बिना जांचे छोड़ना दंडनीय त्रुटि मानी जाएगी। आदर्श उत्तर से भिन्न परंतु सही उत्तर को उचित अंक देना होगा। भाषा विषय में वाक्य संरचना, भाव, शुद्धता और समझ के आधार पर निष्पक्ष मूल्यांकन करेंगे।





