छत्तीसगढ़दुर्ग

दुर्ग में अफीम खेती से तस्करी का जाल: होटल-ढाबों तक पहुंच रही थी सप्लाई, कुम्हारी में 70 वर्षीय बुजुर्ग गिरफ्तार…

दुर्ग जिले में अवैध अफीम खेती के बाद अब इसकी बिक्री पर पुलिस ने कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। पिछले तीन दिनों में खरीदी-बिक्री में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस नेटवर्क में होटल-ढाबा सबसे आसान ठिकाना बने हुए थे, जहां ग्राहकों को आसानी से अफीम उपलब्ध कराई जा रही थी।

मंगलवार को कुम्हारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अफीम बेचने के आरोप में 70 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से अफीम की बिक्री कर रहा था।

आरोपी के पास से 403 ग्राम अफीम, 14 लाख 46 हजार रुपए नकद और दो मोबाइल बरामद किए गए है। कुल जब्ती की कीमत करीब 16 लाख रुपए आंकी गई। फिलहाल पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

सूचना पर पहुंची थी पुलिस

दरअसल, सूचना मिलने पर पुलिस टीम खारुन ग्रीन कॉलोनी गेट नंबर-02 पहुंची। घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुरमेल सिंह (70) निवासी खारुन ग्रीन कॉलोनी, कुम्हारी बताया। तलाशी में अफीम और बड़ी मात्रा में नकदी मिली। मौके पर ही गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से अफीम बेचकर अवैध कमाई कर रहा था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ग), 27(क) और 29 के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ जारी है, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पहली कार्रवाई: होटल-ढाबा से हो रही थी बिक्री

15 मार्च को बेमेतरा–सिमगा रोड स्थित ग्राम कठिया में छापा मारा गया। श्री रामदेव होटल और राजस्थानी हाईवे ढाबा में कार्रवाई हुई। आरोपी रणछोड़ राम उर्फ रणजीत (50) के कमरे से 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की), 1 लाख 29 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन मिला।

दूसरे आरोपी सुनील देवासी (28) के पास मिक्सी (जार सहित) और मोबाइल फोन बरामद हुआ। दोनों को मौके से गिरफ्तार किया गया।

दूसरी कार्रवाई: 42 हजार के साथ आरोपी पकड़ा गया

कबीरधाम जिले के ग्राम पालक में चिल्फी रोड स्थित बंजारी माता मंदिर के पास एक राजस्थानी ढाबे में अफीम डोडा चूरी बेची जा रही थी। ढाबा संचालक मदरूपा राम विश्नोई (45) के यहां 16 मार्च को छापा पड़ा। काउंटर से 42 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल बरामद किया गया।

पूरे नेटवर्क की जांच जारी

समोदा में अफीम मिलने के बाद जिले के फॉर्म हाउस की जांच जारी है। पुलिस सप्लाई चेन खंगाल रही है। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि प्रदेश में अफीम कहां से आ रही थी।

आरोपियों के संपर्क, नेटवर्क की अवधि और जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button