छत्तीसगढ़दुर्ग

जमीन की खरीद-बिक्री के लिए अब छुट्टियों में भी खुले रहेंगे रजिस्ट्रेशन कार्यालय…

वित्तीय वर्ष 2025-26 खत्म होने में अब केवल 12 दिन बचे हैं और गाइडलाइन दरों में संशोधन के बाद जिले में जमीन-जायदाद की खरीदी-बिक्री फिर से तेज हो गई है। पंजीयन कार्यालयों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सरकार ने लोगों की सुविधा और राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए फैसला किया है कि मार्च के अंतिम दिनों में शासकीय अवकाश पर भी पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे।

निर्देश के अनुसार 22 मार्च (चौथा रविवार), 28 मार्च (अंतिम शनिवार), 29 मार्च (अंतिम रविवार) और 31 मार्च (महावीर जयंती) को भी पंजीयन कार्यालयों में सामान्य दिनों की तरह काम होगा। इन दिनों रजिस्ट्री, दस्तावेज पंजीयन और अन्य सभी कार्य किए जाएंगे। शुल्क जमा कराने में परेशानी न हो, इसके लिए 31 मार्च तक शासकीय लेन-देन जारी रखने बैंकों को भी खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इस संबंध में जिला पंजीयक, कोषालय अधिकारी और भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से लोगों को राहत मिलेगी और वित्तीय वर्ष के अंत तक राजस्व वसूली बेहतर होगी।

जिला पंजीयक प्रियंका श्रीरांगे ने बताया कि प्रत्येक कॉलोनी के लिए न्यूनतम, मध्यम और अधिकतम श्रेणी के आधार पर अलग-अलग दरें तय की गई हैं। नई गाइडलाइन दरें वास्तविक बाजार भाव को ध्यान में रखकर तय की गई हैं, जिससे अब पंजीयन कार्य में तेजी आई है।

Back to top button