खारुन पुल की मरम्मत में अफसरों की पहले से नजरअंदाज लापरवाही उजागर: बिना सर्वे एक साल पहले 56 बेयरिंग बदलने 16 करोड़ का टेंडर दिया गया, सर्वे में सब कुछ सही पाया गया…

करीब 35 साल पुराने खारुन नदी पुल की मरम्मत के पहले ही बड़ी लापरवाही सामने आई है। नेशनल हाईवे (एनएच) के अफसरों ने पिछले साल बिना तकनीकी सर्वे कराए ही खारुन पुल की मरम्मत के लिए 16 करोड़ का टेंडर जारी किया गया। टेंडर जारी होने के बाद एजेंसी ने काम शुरू करने मशीनें लगाईं और संसाधन भी जुटा लिए, लेकिन अचानक काम बंद हो गया।
सालभर बाद 1 अप्रैल से यहां मरम्मत कार्य शुरू हो रहा है। इसके लिए कुछ दिन पहले ही पुल की मरम्मत को लेकर सर्वे किया गया। सर्वे का काम थर्ड पार्टी ने किया और अपनी रिपोर्ट एनएच को सौंप दी।
रिपोर्ट में यह सामने आया कि पुल के बेयरिंग सही हालत में हैं और फिलहाल उन्हें बदलने की जरूरत नहीं है।
मिथिलेश मिश्रा कंस्ट्रक्शन कंपनी को जिम्मा: एनएच की ओर से जारी टेंडर में पुल के 56 बेरिंग और 10 एक्सपांसन ज्वाइंट बदलने, सड़क का डामर उखाड़कर दोबारा नया डामर चढ़ाने का प्रावधान रखा गया था।
इस काम का जिम्मा मिथिलेश मिश्रा कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया था। मेरठ से बेरिंग बदलने वाली मशीन और विशेषज्ञ बुला लिए गए थे तथा 56 नए बेयरिंग तैयार कर लिए गए थे। हालांकि अफसरों ने बारिश का हवाला देकर काम रोक दिया।
इन सड़कों पर रहेगा डायवर्जन
रायपुर से दुर्ग के लिए…
- बाइक, कार-छोटी गाड़ियां चंदनीडीह होकर पुराने पुल से कुम्हारी जाएंगी।
- रायपुरा या भाठागांव से महादेव घाट, अमलेश्वर होते पाटन से दुर्ग जाएंगे।
- रायपुरा से अमलेश्वर, मोतीपुर, उरला, कुम्हारी होकर भिलाई जाएंगे।
- रायपुरा से अमलेश्वर, मोतीपुर, सेलूद होकर दुर्ग पहुंचेंगे।
दुर्ग से रायपुर के लिए.…
- दुर्ग से सेलूद, मोतीपुर, अमलेश्वर होते हुए महादेव घाट आएंगे।
- भिलाई से सिरसा गेट, मोतीपुर, अमलेश्वर होकर महादेव घाट आएंगे।
- कुम्हारी से उरला, मोतीपुर, अमलेश्वर होते हमहादेव घाट आएंगे।
- दुर्ग से सेलूद, पाटन होकर अभनपुर और नवा रायपुर जा सकेंगे।
भारी वाहनों को आउटर में रोका जाएगा
सुबह 9 से 12 बजे और शाम 5 से रात 8 बजे तक पुल पर ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है। आधी रात को भारी वाहनों की आवाजाही अधिक होती है।
सुबह के समय भारी वाहनों को दुर्ग के बाफना टोल प्लाजा पर रोका जाएगा और दोपहर बाद छोड़ा जाएगा। शाम को टाटीबंध के आसपास भी भारी वाहनों को रोका जाएगा। एसीपी सतीश सिंह ठाकुर ने बताया कि रायपुर और दुर्ग ट्रैफिक पुलिस ने पुल का निरीक्षण किया और डायवर्जन के रूट तय किए गए। दोनों ओर पुलिस बल तैनात रहेगा।
अभी ये काम होंगे सर्वे एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि पुल का फिर से डामरीकरण किया जाएगा। 10 एक्सपांसन ज्वाइंट का सुधार और दोनों ओर की रेलिंग की मरम्मत का काम किया जाएगा। यह काम पुरानी ठेका एजेंसी ही करेगी।
रेलिंग मरम्मत होगी पिछली बार कुछ बेयरिंग बदलना था, लेकिन इस बार सर्वे कराया गया तो पता चला कि बेयरिंग सही है। इसलिए अब डामरीकरण, एक्सपांसन ज्वाइंट का सुधार और दोनों ओर की रेलिंग की मरम्मत का काम किया जाएगा।





