2382 घरों में शौचालय बनाए गए, इसके लिए 2.85 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई…

जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत नवीन पात्र परिवारों के लिए शौचालय निर्माण कार्य लगातार जारी है। जिले में 2462 पात्र परिवारों से प्राप्त मांग पत्रों के आधार पर शौचालय निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
इनमें से 2382 हितग्राहियों के घरों में शौचालय निर्माण पूर्ण होने के बाद 12 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके खाते में हस्तांतरित की जा चुकी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 2 करोड़ 85 लाख 84 हजार रुपए जारी हो चुके हैं।
जिला पंचायत दुर्ग के सीईओ बजरंग दुबे ने बताया कि हितग्राहियों द्वारा ग्राम पंचायत में दिए गए आवेदन को सरपंच और सचिव के माध्यम से जनपद पंचायत भेजा जाता है।
इसके बाद जांच समिति द्वारा ग्राम स्तर पर पात्रता का भौतिक सत्यापन किया जाता है। शौचालय निर्माण की स्थिति, पूर्व में लाभ नहीं मिलने तथा पात्रता की पुष्टि के बाद सूची जिला पंचायत को भेजी जाती है। निर्माण पूर्ण होने पर जियो टैगिंग और प्रमाण पत्र के आधार पर आधार लिंक खाते में डीबीटी के माध्यम से राशि भेजी जाती है।





