इंदौर: पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह से अफरा-तफरी, रात भर पंप पर लगी रहीं लंबी कतारें; सुबह भी दिख रही भीड़…

ईरान और अमेरिका-इजरायल जंग के बीच ईंधन की किल्लत को लेकर अफवाहों का दौर जारी है। मध्य प्रदेश के इंदौर में बीती रात से पेट्रोल पंप में लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही है।
लोग अफवाह से इतने प्रभावित हैं कि सुबह-सुबह लंबी कतारों में लगकर ईंधन ले रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी डीपों में पर्याप्त पेट्रोल-डीजल मौजूद है। लोग अफवाह पर ध्यान देकर बेवजह ईंधन संग्रहण नहीं करें।
अफरा-तफरी का है माहौल
देश के कई शहरों से शुरू हुआ पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाहों का दौर रात होते-होते इंदौर भी पहुंच गया। इसके बाद लोग अपने वाहनों में ईंधन डलवाने के लिए पंपों की तरफ दौड़े। इससे गीता भवन और अन्य पंपों पर लंबी कतारें लग गई।
कई लोग केन और बोतल में पेट्रोल लेते दिखे। पेट्रोल पंप में जुटती भीड़ की खबर लगते ही कलेक्टर मृणाल मीना ने वीडियो जारी कर लोगों को पैनिक होने से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
डीएम ने क्या कहा?
वीडियो में कलेक्टर ने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल और घरेलू एलपीजी उपलब्ध है। लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
कलेक्टर ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीम पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर निगरानी रखे हुए है। इसके लिए बकायदा कंट्रोल रूम बनाया गया है।
कलेक्टर का वीडियो जारी होने के कुछ देर बाद ही पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने भी वीडियो जारी कर लोगों को न घबराने की सलाह देते हुए बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थ होने की जानकारी दी।





