छत्तीसगढ़

Durg-Raipur खारुन ब्रिज एक महीने तक बंद रहेगा: मेंटेनेंस के चलते डायवर्सन लागू, आने-जाने के लिए नेवई-उतई पाटन रूट का करें इस्तेमाल; जानें बाकी विकल्पी रूट्स…

दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित खारुन नदी ब्रिज में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक मेंटेनेंस का काम किया जाएगा। इस दौरान पूरे महीने ट्रैफिक डायवर्सन रहेगा। दुर्ग से रायपुर और रायपुर से दुर्ग जाने वाले हल्के और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।

इसको लेकर 24 मार्च को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 भिलाई में बैठक हुई। जिसमें दुर्ग पुलिस, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बीएसपी और निर्माण एजेंसी के अधिकारी शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने अधिकारियों को पूरे रूट का दौरा कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ट्रैफिक के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दुर्ग से रायपुर एयरपोर्ट, नया रायपुर, मंत्रालय, आरंग और अभनपुर जाने वाले वाहन नेवई-उतई-सेलूद-पाटन-अभनपुर मार्ग से जाएंगे। सुपेला, भिलाई, रिसाली और नेवई से रायपुर जाने वाले वाहन उतई-सेलूद-ढौर-औरी-मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।

खुर्सीपार, चरोदा और भिलाई-3 से रायपुर जाने वाले वाहन सिरसा गेट-सिरसा खुर्द-औरी-मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग से जाएंगे। नंदिनी, अहिरवारा और कुम्हारी से रायपुर जाने वाले हल्के वाहन कुम्हारी टोल पार कर दाहिने पुल से होकर खारून नदी ब्रिज से गुजर सकेंगे।

रायपुर-दुर्ग के लिए पुराने पुल का करेंगे इस्तेमाल

रायपुर से दुर्ग आने वाले हल्के वाहन भनपुरी, गुढ़ियारी, हीरापुर और टाटीबंध से चंदनीडीह होते हुए पुराने रपटा पुल से कुम्हारी टोल तक आ सकेंगे। वहीं, रायपुरा से महादेवघाट-अमलेश्वर-मोतीपुर मार्ग से भिलाई-दुर्ग पहुंचा जा सकेगा।

भारी वाहनों के लिए सिंगल लाइन और समय तय

दुर्ग से रायपुर जाने वाले भारी वाहन कुम्हारी टोल पार कर दाहिने पुल से सिंगल लाइन में ब्रिज पार करेंगे। राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को दुर्ग बायपास पर बाफना टोल प्लाजा के पास सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक रोका जाएगा। भिलाई औद्योगिक क्षेत्र और ट्रांसपोर्ट नगर से निकलने वाले भारी वाहन सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक कुम्हारी की ओर नहीं जा सकेंगे।

नंदिनी, अहिरवारा और बेरला से रायपुर जाने वाले भारी वाहन मुरमुंदा-ओटेबंध-गुधेली-पठारीडीह होते हुए उरला रिंग रोड नंबर-4 से जाएंगे। रायपुर से दुर्ग आने वाले भारी वाहन भी सिंगल लाइन से ब्रिज पार करेंगे।

महासमुंद से आने वाले भारी वाहनों को मंदिर हसौद के पास शाम 5 से रात 8 बजे तक रोका जाएगा। उरला-सिलतरा और बिलासपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को नंदनवन कटिंग के पास इसी समय रोका जाएगा।

24 घंटे निगरानी और क्रेन की व्यवस्था

निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं कि, ब्रिज के दोनों ओर 24 घंटे वालेंटियर तैनात रहें। अगर कोई वाहन खराब होता है तो उसे तुरंत हटाने के लिए क्रेन उपलब्ध रहेगी। सिरसा गेट चौक और अमलेश्वर क्षेत्र में भी क्रेन तैनात रहेगी।

सभी डायवर्सन प्वाइंट पर रूट मैप और दिशा बताने वाले फ्लेक्स लगाए जाएंगे। पुलिस ने 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक कुम्हारी ब्रिज की ओर जाने से बचने और वैकल्पिक मार्ग का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।

Back to top button