छत्तीसगढ़

घायलों की जान बचाने वाले को दी गई 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि…

सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने संचालित राहवीर योजना के तहत मानवता का परिचय देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

24 मार्च को पोड़ी स्थित मंगल भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया, जहां सड़क दुर्घटना में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में सहयोग करने वाले राहवीरों को 25 हजार की प्रोत्साहन राशि (चेक) प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति में चयनित नागरिकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान बताया गया कि राहवीर योजना के तहत जो भी व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करता है, उसे शासन द्वारा 25 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।

योजना के तहत 29 नवंबर 2025 को हुई दुर्घटना में घायल शिवशंकर और बीरबल को सेमरा निवासी विनोद साहू ने अस्पताल पहुंचाया।

इसी तरह 15 दिसंबर 2025 को घायल सीमांचल को हल्दीबाड़ी निवासी मोहम्मद जाकिर ने अस्पताल पहुंचाकर सहायता की। 28 दिसंबर 2025 को घायल अनिल को नागपुर निवासी शाहनवाज अली ने अपने वाहन से अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि 2 जनवरी 2026 को घायल बाल सिंह को महाराजपुर निवासी महेश साहू ने समय पर अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय दिया। इन सभी नागरिकों ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए घायलों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सीएसपी चिरमिरी दीपिका मिंज, नगर निगम चिरमिरी के अध्यक्ष राम नरेश राय, एसआई विजय सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

पुलिस विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर घायलों की सहायता के लिए आगे आएं, क्योंकि समय पर की गई एक छोटी मदद किसी व्यक्ति की पूरी जिंदगी बचा सकती है।

Back to top button