छत्तीसगढ़भिलाई

भिलाई स्टील प्लांट में बाइक चोरी का मास्टरमाइंड निकला इंजीनियर:मास्टर चाबी से 31 बाइक पार की, रायपुर से आकर वारदात, जशपुर में बेचीं…

छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की पार्किंग से बाइकों की सिलसिलेवार चोरी का दुर्ग पुलिस ने खुलासा किया है। गिरोह का सरगना मैकेनिकल इंजीनियर निकला, जो पहले BSP में संविदा पर काम करता था। बाद में उसी प्लांट की पार्किंग को अपना टारगेट बना बैठा।

आरोपी रायपुर से बस में बैठकर भिलाई आता, पावर हाउस चौक पर उतरकर पैदल BSP मेन गेट पार्किंग पहुंचता, फिर मास्टर चाबी से खासकर होंडा साइन मॉडल की बाइक पार कर देता था। जून 2024 से सक्रिय इस गिरोह ने एक साल में 31 बाइक चुराईं। जिन्हें जशपुर के कुनकुरी में बेचा जाता था।

7 नवंबर 2025 की एक वारदात ने पुलिस को अहम सुराग दिया। CCTV फुटेज में आरोपी लंगड़ाते हुए बाइक चोरी करते दिखा। पैर में लोहे की रॉड होने के कारण उसकी चाल अलग थी। यही पहचान आखिरकार गिरफ्तारी की वजह बनी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने ट्रैकिंग शुरू की और सरगना तक पहुंच गई।

पुलिस ने जशपुर से बाइक जब्त कर 2 सहयोगियों को दबोचा है। इस तरह पुलिस ने मुख्य आरोपी ई. पापा राव, मनोज राम और राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि को गिरफ्तार किया है। 31 लाख रुपए कीमत की 31 बाइक भी बरामद हुई है।

अब जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, आरोपी ई. पापा राव ने 7 नवंबर को BSP के RTS में कॉन्ट्रैक्ट वर्कर विपिन साहू की बाइक मेन गेट की पार्किंग से चोरी की थी। इस चोरी का CCTV फुटेज पुलिस को मिला था, जिसमें आरोपी लंगड़ाकर चलते दिखा। पुलिस को इससे काफी मदद मिली।

आरोपी के चलने के स्टाइल पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में इसी फुटेज के आधार पर पुलिस को मुख्य आरोपी ई पापा राव को पकड़ने में मदद मिली। आरोपी के पैर में लोहे की रॉड लगी है, जिस कारण वह लंगड़ा कर चलता है।

रायपुर से बस में बैठकर आता था चोरी करने

बाइक चोरी का मुख्य आरोपी ई. पापा राव ने भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग किया है। वह पहले खुर्सीपार क्षेत्र में रहता था, लेकिन वर्तमान में रायपुर के चंगोरा भाठा में रहता था। वो बस से रायपुर से भिलाई आता था, पावर हाउस चौक पर उतरकर पैदल बीएसपी के मेन गेट स्थित पार्किंग तक पहुंचता और वहां खड़ी गाड़ियों की चोरी करता था।

ज्यादातर होंडा साइन बाइक की चोरी

आरोपी के पास एक मास्टर चाबी थी, जिससे वह खासतौर पर होंडा साइन मॉडल की बाइक को आसानी से खोल लेता था। इसके अलावा जो भी बाकी गाड़ी उस चाबी से खुल जाती, उसे भी चोरी कर ले जाता था। जून 2024 से वह लगातार इस वारदात को अंजाम दे रहा था।

बीएसपी के मुख्य गेट की पार्किंग आरोपी के लिए काफी आसान टारगेट था। भिलाई-भट्टी थाने में अकेले 23 बाइक चोरी के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा छावनी थाना, जीआरपी थाना और रायपुर के विभिन्न थानों में भी उसके खिलाफ केस दर्ज हैं।

जशपुर में बेचता था चोरी की बाइक

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि, चोरी की गई बाइक को जशपुर जिले के कुनकुरी में अपने 2 साथियों को बेचने के लिए देता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुनकुरी से 11 बाइक जब्त की। वहां से मनोज राम और राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी मैकेनिक का काम करते थे। चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने में सहयोग करते थे।

एक साल में 31 बाइक की चोरी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 1 जनवरी से 14 दिसंबर 2025 के बीच 31 बाइक की चोरी हुई। इनमें सबसे ज्यादा 19 बाइक बीएसपी के मेन गेट के बाहर बनी पार्किंग से चोरी हुई हैं, जबकि 4 बाइक बीएसपी के बोरिया गेट की पार्किंग से गायब हुई।

इसके अलावा गणेश पूजा के दौरान गणेश पंडाल से 2 बाइक चोरी हुईं। सेक्टर-1 गार्डन से भी 2 बाइक चोरी की घटनाएं दर्ज की गईं। वहीं, प्लांट के अंदर बिलेट यार्ड कंट्रोल रूम के बाहर से 1 बाइक, सेक्टर-3 के चाइना मार्केट से 1 बाइक चोरी हुई। बीटीआई भवन की पार्किंग से 1 बाइक और आईआर विभाग कार्यालय के गेट के बाहर से 1 बाइक चोरी हुई थी।

भिलाई के भट्टी थाना क्षेत्र में जनवरी महीने के दौरान कुल 8 बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इनमें से 6 बाइक बीएसपी की पार्किंग से चोरी हुईं, जबकि एक बाइक चाइना मार्केट, सेक्टर-3 से और एक बाइक घर के बाहर से चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई।

फरवरी-2025

1 फरवरी: यूआरएम विभाग में ठेका श्रमिक प्रकाश चंद्र शर्मा की बाइक मेन गेट के बाहर स्थित पार्किंग स्थल से चोरी हो गई।

26 फरवरी: ठेका श्रमिक सादिक अंसारी की स्कूटी बोरिया गेट के बाहर स्थित पार्किंग स्थल से चोरी हो गई।

भट्टी थाना क्षेत्र में फरवरी माह के दौरान कुल 3 चोरी के मामले दर्ज किए गए। इनमें एक मामला बीएसपी मेन गेट के बाहर पार्किंग से बाइक चोरी का है, जबकि दो मामलों में घरों से चोरी की घटनाएं दर्ज की गई हैं। वहीं 26 फरवरी को हुई स्कूटी चोरी की रिपोर्ट 1 मार्च को थाने में दर्ज कराई गई।

मार्च 2025 में भिलाई के भट्टी थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के कुल 6 मामले दर्ज किए गए। इनमें से 5 वाहन बीएसपी के अधिकृत पार्किंग क्षेत्र से चोरी हुए, जबकि 1 वाहन बोरिया मार्केट के पास सड़क किनारे से चोरी हुआ।

अप्रैल-2025

19 अप्रैल: मार्श-1 विभाग में ठेका श्रमिक और क्रेन ऑपरेटर चंदन गुप्ता की बाइक मेन गेट के बाहर स्थित पार्किंग स्थल से चोरी हो गई।

22 अप्रैल: एसएमएस-2 विभाग में ठेका श्रमिक टिकेश्वर ढीमर की बाइक आईआर विभाग कार्यालय के गेट के बाहर से चोरी हो गई।

अप्रैल 2025 में भिलाई के भट्टी थाने में चोरी के कुल 4 मामले दर्ज किए गए। इनमें 2 मामले बीएसपी के अधिकृत क्षेत्र से बाइक चोरी के, 1 मामला प्लांट के भीतर स्क्रैप कॉपर केबल चोरी का और 1 मामला घर के बाहर से स्कूटी चोरी का दर्ज किया गया।

Back to top button