छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर-राजिम मेमू ट्रेन आज से शुरू: फूलों से सजी ट्रेन को CM दिखाएंगे हरी झंडी, सफर सिर्फ 1.35 घंटे..

जनता की रिपोर्ट :- आज से रायपुर और राजिम के बीच रेल सफर और भी आसान हो गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने नई मेमू पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू की है, जिसे फूलों से सजाकर रवाना किया गया और थोड़ी ही देर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इसे हरी झंडी दिखाकर फ्लैग ऑफ करेंगे।

नई सेवा 68766/68767 रायपुर-राजिम-रायपुर मेमू पैसेंजर रोजाना दोनों ओर से चलेगी और यात्रा समय करीब 1.35 घंटे रहेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार रोजाना रायपुर से राजिम लगभग 2,000 यात्री आना-जाना करते हैं; इस सेवा से लगभग ढाई लाख लोगों को लाभ मिल सकेगा।

रेलवे ने बताया कि पहले केवल रायपुर-अभनपुर रूट पर मेमू ट्रेनें (68760/68761 और 68762/68763) चल रही थीं। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए अब इन्हें राजिम तक बढ़ाया जा रहा है।

आज राजिम रेलवे स्टेशन से स्पेशल ट्रेन 06767 (राजिम-रायपुर मेमू पैसेंजर) का शुभारंभ किया गया। रेल सेवा अगले दिन यानी 19 सितंबर से नियमित समय-सारणी पर चलने लगेगी। ट्रेन में कुल 8 कोच हैं  6 सामान्य तथा 2 पावर कार।

यह नई सेवा खासकर रोजाना काम पर जाने वाले लोगों और छात्रों को सीधे लाभ देगी, जिन्हें पहले रायपुर से राजिम पहुंचने के लिए अतिरिक्त सहारों पर निर्भर रहना पड़ता था। राजिम के व्यापारियों और तीर्थयात्रियों के लिए भी यह कनेक्टिविटी काम की बात साबित होगी।

रेलवे ने कहा है कि मांग और सुविधा के अनुसार आने वाले समय में अन्य रूटों पर भी इसी तरह विस्तार की संभावना देखी जा रही है।

Back to top button