दुर्ग शहर में धरना-प्रदर्शन और रैली को लेकर नई व्यवस्था, व्यापारियों ने कलेक्टर-एसपी का जताया आभार

दुर्ग। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आम लोगों को होने वाली परेशानी से बचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा धरना-प्रदर्शन एवं रैलियों को लेकर नई व्यवस्था लागू किए जाने पर दुर्ग शहर के व्यापारियों ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक का आभार जताया है।
व्यापारियों का कहना है कि शहर के प्रमुख मार्गों पर धरना-प्रदर्शन एवं रैलियों के कारण कई बार यातायात प्रभावित होता है और आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रशासन द्वारा इस समस्या के समाधान के लिए निर्धारित स्थान पर धरना-प्रदर्शन एवं रैली की व्यवस्था किए जाने से शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
व्यापारियों के अनुसार, कलेक्टर परिसर अथवा निर्धारित क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार का धरना-प्रदर्शन या रैली किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सभी राजनीतिक दलों एवं संगठनों को प्रशासन की इस व्यवस्था की जानकारी दी जानी चाहिए।
वहीं, प्रदर्शनकारियों की मांगों और समस्याओं को सुनने के लिए प्रशासनिक अधिकारी निर्धारित स्थल पर पहुंचकर उनका ज्ञापन प्राप्त करेंगे और उनकी मांगों को सुनेंगे। इससे एक ओर लोगों को अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर शहर के भीतर यातायात व्यवस्था बाधित होने से भी बचाया जा सकेगा।


