रहमान डकैत का बेटा कराची में गिरफ्तार, PAK पुलिस ने बड़े बेटे को भी उतारा था मौत के घाट…

पाकिस्तान के कराची में गैंगस्टर रहमान डकैत के बेटे को फिर से पुलिस ने धर दबोचा है। ल्यारी के खूंखार अंडरवर्ल्ड से जुड़े इस नाम ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं, क्योंकि उसके बेटे जिब्रान को अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस का कहना है कि यह आदमी पुराना अपराधी है, जो बार-बार जेल जा चुका है और अब भी उसी राह पर चल रहा था।
यह घटना सोमवार को हुई, जब कलाकोट पुलिस ने जिब्रान को पकड़ा। उसके पास से एक अवैध पिस्तौल बरामद हुई। पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि जिब्रान अब्दुल रहमान उर्फ रहमान डकैत का बेटा है और वह लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय है।
‘आदतन अपराधी है जिब्रान’
कलाकोट थाने की पुलिस ने विशेष ऑपरेशन में जिब्रान को कलाकोट इलाके से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
कुछ रिपोर्टों में दो पिस्तौल और गोलियों का जिक्र भी है, लेकिन आधिकारिक बयान में एक पिस्तौल की बात कही गई है। पुलिस ने उसे “आदतन अपराधी” करार दिया है, जिसका मतलब है कि वह पहले भी कई बार गिरफ्तार हो चुका है और जेल की हवा खा चुका है।
क्या है जिब्रान के अपराध?
जिब्रान के खिलाफ ल्यारी के कलाकोट थाने में 2023 और 2024 के बीच दो एफआईआर दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि वह ड्रग तस्करी, फिरौती के लिए अपहरण जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहा है।
वह ल्यारीमें अपराधियों का एक गिरोह बनाने की कोशिश कर रहा था। उसकी रिहाई के बाद भी वह पुरानी हरकतों पर लौट आया था, जिसके चलते पुलिस ने फिर से उस पर नजर रखी और कार्रवाई की है।
रहमान डकैत का खौफनाक अतीत
रहमान डकैत ल्यारी के गैंग वॉर का बड़ा नाम था। वह 80 से ज्यादा आपराधिक मामलों में शामिल रहा और ल्यारी की गैंग वॉर का केंद्र रहा। 2009 में कराची पुलिस ने उसे और उसके तीन साथियों को मार गिराया था।
रहमान डकैत की मौत के बाद उसके परिवार से जुड़े सदस्य भी अपराध की दुनिया सक्रिय रहे। 2024 में उसके एक बेटे को कथित मुठभेड़ में मार गिराया गया था।





